जेम पोर्टल से होगी सरकारी खरीद, डीडीओ को दिया गया प्रशिक्षण
जेम पोर्टल से होगी सरकारी खरीद, डीडीओ को दिया गया प्रशिक्षण
जेम पोर्टल से होगी सरकारी खरीद, डीडीओ को दिया गया प्रशिक्षण
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
प्रेक्षागृह, दरभंगा में बुधवार को वित्त विभाग, पटना के तत्वावधान में जिले के सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों (डीडीओ) के लिए सरकारी ई-मार्केटप्लेस (जेम) पोर्टल के उपयोग एवं सरकारी सामग्रियों की खरीद प्रक्रिया पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।
प्रशिक्षण को संबोधित करते हुए वरीय कोषागार पदाधिकारी शंभू कुमार आर्य ने कहा कि बिहार वित्त नियमावली के प्रावधानों के अनुरूप सरकारी कार्यालयों में आवश्यक सामग्रियों की खरीद नियमानुसार और पारदर्शी तरीके से की जानी है। उन्होंने सभी डीडीओ को कार्यालय के लिए आवश्यक सामग्री की खरीद में जेम पोर्टल का उपयोग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने तथा निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जेम पोर्टल के माध्यम से सरकारी खरीद प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, प्रतिस्पर्धी, सरल और प्रभावी बनाया जा सकता है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को पोर्टल की सुविधाओं और खरीद प्रक्रिया की समुचित जानकारी होना आवश्यक है।
प्रशिक्षण के दौरान वित्त विभाग, पटना से आए मास्टर ट्रेनरों ने डीडीओ को जेम पोर्टल की कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी। इसमें पंजीकरण, लॉग-इन, सामग्री एवं सेवाओं की खोज, विक्रेताओं की जानकारी, उत्पादों की तुलना, खरीद प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, ऑर्डर जारी करने तथा खरीद के बाद की कार्रवाई समेत विभिन्न बिंदुओं पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
मास्टर ट्रेनरों ने खरीदारी के दौरान निर्धारित वित्तीय नियमों और दिशा-निर्देशों के पालन की जानकारी भी दी। प्रशिक्षण के दौरान पदाधिकारियों द्वारा पूछे गए सवालों और व्यावहारिक कठिनाइयों का समाधान किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के सभी डीडीओ को जेम पोर्टल की कार्यप्रणाली से अवगत कराकर सरकारी खरीद में पारदर्शिता, जवाबदेही और वित्तीय अनुशासन को और मजबूत करना था। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी, संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
मंडल कारा का डीएम व नगर एसपी ने किया निरीक्षण, कैदियों की सुविधाओं, अभिलेखों और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
रैयाम चीनी मिल को लेकर बढ़ी उम्मीद, 350 किसानों को दी गई उन्नत गन्ना खेती की तकनीकी जानकारी, रैयाम-सकरी चीनी मिल वर्ष 2028 तक चालू करने की तैयारी, 30 हजार हेक्टेयर में गन्ने की खेती का लक्ष्य