मंडल कारा का डीएम व नगर एसपी ने किया निरीक्षण, कैदियों की सुविधाओं, अभिलेखों और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
मंडल कारा का डीएम व नगर एसपी ने किया निरीक्षण, कैदियों की सुविधाओं, अभिलेखों और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
मंडल कारा का डीएम व नगर एसपी ने किया निरीक्षण,
कैदियों की सुविधाओं, अभिलेखों और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा
मंडल कारा की प्रशासनिक व्यवस्था, कैदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए बुधवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से मंडल कारा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारा परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा कैदियों से संबंधित कई पहलुओं की जानकारी ली।
डीएम एवं नगर एसपी ने मंडल कारा में संधारित विभिन्न अभिलेखों की गहनता से जांच की। अधिकारियों ने कैदियों के कल्याण, उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा कारा प्रशासन की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों से ली। इस दौरान कारा प्रशासन को निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान कारा की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया। परिसर में सुरक्षा के लिए लगाए गए विभिन्न उपकरणों की स्थिति और उनकी क्रियाशीलता की जांच की गई। जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ बनाए रखने तथा सभी सुरक्षा उपकरणों को नियमित रूप से क्रियाशील रखने का निर्देश दिया।
धनवंतरी चिकित्सीय औषधि पार्क का उद्घाटन
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने मंडल कारा परिसर में धनवंतरी चिकित्सीय औषधि पार्क का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने कारा परिसर के अंदर और बाहर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वेपर लाइट एवं हाई मास्ट लाइट लगाने का निर्देश विद्युत विभाग के अधिकारियों को दिया।
जिलाधिकारी ने कारा की प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक सावधानियां बरतने तथा सुरक्षा से संबंधित सभी निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
संयुक्त निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, भवन निर्माण विभाग एवं विद्युत विभाग के अभियंता, कारा अधीक्षक, जेलर सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।