भारतमाला परियोजना के निर्माण शिविर का डीएम ने किया निरीक्षण,

रैयतों के भूमि दस्तावेजों और मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया की ली जानकारी

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने बुधवार को बेला नवादा स्थित भारतमाला परियोजना के निर्माण शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भू-अर्जन से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए रैयतों के भूमि दस्तावेज, उनके अद्यतीकरण, भूमि स्वामित्व प्रमाण-पत्र (एलपीसी) के निर्गमन और मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया की जानकारी ली।

डीएम ने अंचलाधिकारी, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी और अपर समाहर्ता (राजस्व) से भू-अर्जन की वर्तमान स्थिति और रैयतों के दस्तावेजों के सत्यापन के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भू-अर्जन से संबंधित सभी प्रक्रियाओं का नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिविर में मौजूद रैयतों से सीधे बातचीत की। उन्होंने उनकी भूमि, भू-अर्जन और मुआवजा भुगतान से संबंधित समस्याओं, मांगों और सुझावों को सुना। रैयतों द्वारा उठाए गए मामलों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि रैयतों की समस्याओं का यथासंभव शीघ्र समाधान किया जाए। जिन मामलों में अतिरिक्त दस्तावेज अथवा किसी प्रक्रिया की आवश्यकता है, उसकी स्पष्ट जानकारी संबंधित रैयत को उपलब्ध कराई जाए, ताकि अनावश्यक परेशानी न हो।

निरीक्षण के अवसर पर सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रवि प्रकाश सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।