जिलाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का किया शुभारंभ पोषण स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण की आधारशिला : जिलाधिकारी कौशल कुमार
जिलाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का किया शुभारंभ पोषण स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण की आधारशिला : जिलाधिकारी कौशल कुमार
जिलाधिकारी ने दीप प्रज्वलित कर 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का किया शुभारंभ
पोषण स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण की आधारशिला : जिलाधिकारी कौशल कुमार
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
समाहरणालय परिसर स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी कौशल कुमार ने दीप प्रज्वलित कर 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस) चांदनी सिंह, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सहित आईसीडीएस, स्वास्थ्य, शिक्षा, जीविका, पंचायती राज, ग्रामीण विकास और स्वच्छता विभाग के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पोषण केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण की आधारशिला है। बच्चों, किशोरियों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार के लिए सरकारी विभागों के साथ समुदाय की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि बच्चे के जन्म से पूर्व गर्भावस्था से लेकर जन्म के बाद शुरुआती वर्षों तक उचित पोषण और देखभाल का विशेष महत्व है। जीवन के शुरुआती वर्षों में संतुलित आहार, पर्याप्त पोषण और समुचित देखभाल बच्चे के शारीरिक एवं मानसिक विकास की मजबूत नींव तैयार करती है। पोषण की कमी का बच्चों के विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कुपोषण की पहचान, पोषण संबंधी परामर्श और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया।
उन्होंने पोषण माह के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों को प्रभावी, परिणामोन्मुखी और जनभागीदारी आधारित बनाने को कहा। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर जन-जागरूकता कार्यक्रम, पोषण संबंधी गतिविधियां, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता, पोषण परामर्श तथा सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम में पोषण ट्रैकर के माध्यम से लाभार्थियों की निगरानी, आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रभावी संचालन, बच्चों के वृद्धि अनुश्रवण तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं और किशोरियों में पोषण जागरूकता समेत विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने पोषण ट्रैकर पर आंकड़ों एवं गतिविधियों की नियमित और गुणवत्तापूर्ण प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने बच्चों के वजन, ऊंचाई और वृद्धि की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यकता के अनुसार पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। साथ ही पोषण माह के दौरान होने वाली प्रत्येक गतिविधि की प्रविष्टि पोषण जन आंदोलन डैशबोर्ड पर अनिवार्य रूप से करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर पोषण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने अपने अनुभव साझा किए। जिलाधिकारी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारी एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने “कुपोषण मुक्त दरभंगा” के निर्माण और जिले के प्रत्येक परिवार तक पोषण का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि पोषण माह को केवल एक माह तक सीमित अभियान न बनाकर इसे निरंतर जन-जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता का माध्यम बनाया जाए। उन्होंने सभी विभागों एवं आम लोगों से स्वस्थ, सुपोषित और सशक्त दरभंगा के निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की।