बिरौल में लोक अदालत को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय कुमार शर्मा ने न्यायिक अधिकारियों के साथ की बैठक

दस्तक 7 मिडिया,विधि संवाददाता, बिरौल।

शनिवार को बिरौल न्यायालय परिसर में आयोजित होनेवाले राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार दरभंगा श्री अजय कुमार शर्मा ने न्यायिक अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिक से अधिक मुकदमों के निपटारे को लेकर दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि लोक अदालत की सफलता के लिए हर संभव प्रयास किया जायें। प्रधान जिला जज ने सभी न्यायालयों के द्वारा पक्षकारों को जारी नोटिसों का ब्यौरा लेते हुए कहा कि नोटिसों का तामिला शत प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए। इस संबंध में पारा विधिक स्वयंसेवकों, पीसी शाखा के अधिकारियों से भी पूछताछ किया गया। उन्होंने बिरौल अनुमंडल क्षेत्र के सभी थानाध्यक्षों के जरिए नोटिस को पक्षकारों तक पहुंचाने का सख्त निर्देश दिया। न्यायालय कर्मियों एवं अन्य हितधारकों को भी लोक अदालत में हर संभव सहायता करने को कहा गया। शनिवार को बिरौल न्यायालय परिसर में आयोजित होनेवाले राष्ट्रीय लोक अदालत में सुलह समझौता योग्य आपराधिक मामले, बैंक ऋण संबंधी मामलों, बिजली, माप तौल, वन विभाग, मजदूरी, ग्राम कचहरी, ट्रैफिक चालान आदि से संबंधित मामलों का निपटारा किया जाएगा। बैठक में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश शिव कुमार, एसीजेएम विजय कुमार मिश्र, एसडीजेएम प्रभात, सिविल जज जूनियर डिवीजन राकेश कुमार दीपक मौजूद थे।