लोहिया चौक पर टक्कर के बाद चाकूबाजी, युवक जख्मी,

स्कूटी की ठोकर से बाइक सवार मां-बेटे हुए चोटिल,  विरोध करने पर चाकू से किया वार,

स्कूटी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी लहेरियासराय पुलिस

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /अफजल खान 

लहेरियासराय थाना क्षेत्र के लोहिया चौक स्थित पुलिस अस्पताल के पास बुधवार को सड़क हादसे के बाद चाकूबाजी की घटना हुई। स्कूटी की ठोकर से बाइक सवार मां-बेटे गिरकर चोटिल हो गए। हादसे का विरोध करने पर स्कूटी चालक ने कथित तौर पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के वार से पतोर थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी निवासी सैयद साकिर हसन के पुत्र सैयद अबुजर अली (32) का कान जख्मी हो गया।

घटना के बाद आसपास मौजूद दुकानदारों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसी दौरान आरोपित युवक स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर लहेरियासराय पुलिस मौके पर पहुंची और जख्मी अबुजर अली को इलाज के लिए डीएमसीएच भेजा। पुलिस स्कूटी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपित की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है।

जख्मी के बड़े भाई सैयद अली ने बताया कि उनकी मां फिरोजा परवीन (55) शुगर और बीपी की मरीज हैं। बुधवार को उन्हें रहमगंज स्थित चिकित्सक से दिखाने के बाद अबुजर अली बाइक से लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान लोहिया चौक के पास एक स्कूटी ने उनकी बाइक में ठोकर मार दी। दुर्घटना का विरोध करने पर स्कूटी सवार युवक ने चाकू निकालकर हमला कर दिया।

सैयद अली के मुताबिक, आरोपित युवक पंडासराय मोहल्ले का रहने वाला है। उसने घटना के दौरान जान से मारने की धमकी भी दी। फिलहाल अबुजर अली का उपचार डीएमसीएच के ईएनटी विभाग में चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।