बागमती किनारे अधमरी हालत में मिला युवक, इलाज के दौरान मौत,
भाई ने जताई हत्या की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
दस्तक 7मीडिया /अफजल खान
लहेरियासराय थाना क्षेत्र के किलाघाट स्थित बागमती नदी किनारे सीढ़ी पर अधमरी हालत में मिले 24 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान मंगलवार देर रात डीएमसीएच में मौत हो गई। मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के भगवानदास जेपी चौक मोहल्ला निवासी गणेश प्रसाद गुप्ता के पुत्र प्रिंस राज के रूप में हुई है। प्रिंस ने बीकॉम की पढ़ाई पूरी की थी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।
बताया जाता है कि बुधवार शाम स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल-112 की पुलिस टीम ने प्रिंस को बागमती नदी किनारे बेहोशी की हालत में बरामद किया था। पुलिस ने उसे तत्काल डीएमसीएच में भर्ती कराया और घटना की सूचना परिजनों को दी। इलाज के दौरान उसकी हालत लगातार गंभीर बनी रही। मंगलवार देर रात उसने दम तोड़ दिया।
युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत की सूचना मिलने के बाद बेंता थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के बड़े भाई संदीप गुप्ता ने प्रिंस की हत्या किए जाने की आशंका जताई। उनका कहना है कि जिस परिस्थिति में प्रिंस बागमती नदी किनारे मिला था, उससे मामला संदिग्ध प्रतीत होता है।

