ग्रामीण एसपी ने किया नेहरा थाना का वार्षिक निरीक्षण, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को नेहरा थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष एवं थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

ग्रामीण एसपी ने थाने में संधारित विभिन्न पंजियों और अभिलेखों की जांच की। इनमें आगंतुक पंजी, पासपोर्ट पंजी, आरटीआई पंजी, महिला हेल्प डेस्क, लोक शिकायत पंजी, मासिक कार्य विवरणी, मालखाना, ओडी जांच, हाजत सुरक्षा, चार्जशीट और स्टेशन डायरी समेत अन्य अभिलेख शामिल थे।

निरीक्षण के दौरान हत्या, लूट, डकैती जैसी संगीन घटनाओं और लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, वारंटियों की गिरफ्तारी और पूर्व से लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने को कहा गया।

पुलिस पदाधिकारियों को नियमित वाहन जांच और रात्रि गश्ती तेज करने के साथ बैंक एवं एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रूप से सतर्क रहने का निर्देश दिया गया। अनुसंधानकर्ताओं को नए आपराधिक कानून के प्रावधानों के अनुसार कांडों का अनुसंधान करने तथा वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक तरीके से साक्ष्य जुटाने को कहा गया।

ग्रामीण एसपी ने थानाध्यक्ष को आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर कड़ी नजर रखने और शराब व मादक पदार्थों की तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।