राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में जुटा न्यायिक प्रशासन, शत-प्रतिशत नोटिस तामिली का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

शनिवार को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन को लेकर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने न्यायिक पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि लोक अदालत में मामलों का निपटारा पक्षकारों और संबंधित अधिकारियों के समन्वय से संवेदनशीलता के साथ कराया जाए।

बैठक में पूर्व से सुलहनामा दाखिल शमनीय मामलों को प्राथमिकता के आधार पर चिह्नित कर संबंधित अधिवक्ताओं से बातचीत करते हुए निपटारे के लिए तैयार करने का निर्देश दिया गया। सभी न्यायिक पदाधिकारियों को मामलों के निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित कर बेहतर परिणाम हासिल करने को कहा गया।

इधर, पक्षकारों को जारी नोटिस की शत-प्रतिशत तामिली को लेकर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी जुनैद आलम और जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं थानाध्यक्षों के साथ समीक्षा की। सीजेएम ने अब तक तामिल कराए गए नोटिस की जानकारी लेते हुए 11 सितंबर तक सभी नोटिस पक्षकारों तक अनिवार्य रूप से पहुंचाने का निर्देश दिया।

सचिव आरती कुमारी ने कहा कि लोक अदालत से पहले बचे तीन दिनों में सभी संबंधित लोग मिलकर प्रयास करें, ताकि अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन हो और जिले को बेहतर स्थान मिल सके। उन्होंने न्यायालय कर्मियों के साथ भी बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।