योजनाओं की धीमी रफ्तार पर आयुक्त सख्त, समय पर काम पूरा करने का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने दरभंगा प्रमंडल के तीनों जिलों दरभंगा, मधुबनी और समस्तीपुर में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और अभियंताओं को कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं करने का निर्देश दिया। उन्होंने योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने को कहा।

प्रमंडलीय सभागार में मंगलवार को स्थानीय क्षेत्र संगठन विभाग के अधीक्षण अभियंताओं और जिला योजना पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक में आयुक्त ने सांसद और विधायक की अनुशंसा पर संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में निर्धारित मानकों और तकनीकी गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए। अधिकारी नियमित निगरानी और स्थल निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति सुनिश्चित करें।

बैठक में जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (डीआरसीसी) के माध्यम से संचालित योजनाओं की भी समीक्षा हुई। आयुक्त ने बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना समेत अन्य योजनाओं का लाभ पात्र छात्र-छात्राओं को समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

बैठक में क्षेत्रीय योजना पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य सहित तीनों जिलों के संबंधित अधीक्षण अभियंता, जिला योजना पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।