यूजीसी-नेट परीक्षा को लेकर 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
दरभंगा में 9 और 10 सितंबर को होने वाली यूजीसी-नेट परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्र के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र के 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की गई है।
सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से यूजीसी-नेट जून 2026 की परीक्षा खाजासराय स्थित आईओएन डिजिटल जोन आईडीजेड-1 केंद्र पर दोनों दिनों में दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगी।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा-163 के तहत जारी आदेश के अनुसार परीक्षा केंद्र के 100 मीटर के दायरे में पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, आग्नेयास्त्र, घातक हथियार और विस्फोटक लेकर चलने पर रोक रहेगी। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्र के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध रहेगा।
मोबाइल ले जाने पर रोक: परीक्षा केंद्र के अंदर परीक्षार्थियों समेत परीक्षा से जुड़े अन्य लोगों के मोबाइल फोन, सेल्युलर फोन और किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा ड्यूटी में तैनात पदाधिकारियों, पुलिसकर्मियों, सैन्य बल के कर्मियों, सरकारी अथवा प्रशासन द्वारा जारी पासधारकों तथा शवयात्रा, धार्मिक जुलूस और शादी-विवाह कार्यक्रमों से जुड़े लोगों के मामले में आदेश में आवश्यक शिथिलता दी गई है। प्रशासन ने परीक्षार्थियों और आम लोगों से परीक्षा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।