गायघाट में उत्पाद विभाग ने 50 लाख की विदेशी शराब किया बरामद, दो चालक गिरफ्तार

दीपक कुमार/ गायघाट

मुजफ्फरपुर में जिलाधिकारी के निर्देश पर उत्पाद विभाग की ओर से लगातार चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गायघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत मैथी टोल प्लाजा के पास एक कंटेनर को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कंटेनर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई। बताया जा रहा है कि कंटेनर में 300 से अधिक कार्टन शराब लदी थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये आंकी गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की खेप हरियाणा से लाई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कंटेनर के दो चालकों को मौके से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं। फिलहाल उत्पाद विभाग की टीम गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप किसने मंगाई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।