सदर प्रखंड में पंचायत समिति की बैठक, विकास योजनाओं पर मंथन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

सदर प्रखंड के मीटिंग हॉल में सोमवार को प्रखंड प्रमुख उदय कुमार सहनी की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक हुई।बैठक का संचालन प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. रवि रंजन ने किया। इसमें पंचायत समिति सदस्यों, विभिन्न पंचायतों के मुखिया और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष की वार्षिक विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पंचायतों में विकास कार्यों को गति देने, जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों ने सुझाव दिए।

इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई। 15वीं एवं 16वीं वित्तीय योजनाओं, ग्राम पंचायत विकास योजना सहित अन्य पंचायत स्तरीय योजनाओं पर विचार-विमर्श कर प्रस्तावित योजनाओं की संपुष्टि की गई। पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों और प्रस्तावों की भी समीक्षा हुई।

पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की जनसमस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दे उठाए। संबंधित पदाधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बैठक में उप प्रमुख राकेश कुमार रोशन, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी करुणा कश्यप, राजस्व पदाधिकारी विनीता चित्रा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी रिमझिम चौधरी, मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी प्रेम कुमार, जीविका के प्रखंड परियोजना प्रबंधक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

प्रमुख उदय कुमार साहनी ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासन के बेहतर समन्वय से गांवों के समग्र विकास को गति दी जा सकती है। उन्होंने योजनाओं के पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।