बहेड़ा थाना के लंबित कांडों की ग्रामीण एसपी ने की समीक्षा,

गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने का निर्देश

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, दरभंगा ने सोमवार को बहेड़ा थाना पहुंचकर सभी अनुसंधानकर्ताओं के साथ लंबित कांडों की समीक्षा बैठक की। बैठक में बहेड़ा थानाध्यक्ष समेत थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

समीक्षा के दौरान ग्रामीण एसपी ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन को लेकर अनुसंधानकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से वारंट एवं कुर्की आदेश प्राप्त कर कार्रवाई तेज करने को कहा।

उन्होंने सभी अनुसंधानकर्ताओं को कांडों का गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करने, कांड दैनिकी एवं केस डायरी को नियमित रूप से अद्यतन रखने तथा माह में निष्पादित किए जाने वाले कांडों को चिह्नित कर समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में थाना के प्रतिवेदित कांडों की भी समीक्षा की गई। सभी पंजी को अद्यतन रखने, लंबित मामलों में तेजी से कार्रवाई करने तथा अनुसंधान की प्रगति पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।ग्रामीण एसपी ने थाना क्षेत्र में सघन गश्ती बढ़ाने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण के साथ-साथ क्षेत्र में प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने को कहा।