डीएमसीएच में शुरू हुआ आईसीयू और न्यूरो सर्जरी ओटी, हेड इंजुरी के मरीजों को मिलेगा अत्याधुनिक इलाज
डीएमसीएच में शुरू हुआ आईसीयू और न्यूरो सर्जरी ओटी, हेड इंजुरी के मरीजों को मिलेगा अत्याधुनिक इलाज
डीएमसीएच में शुरू हुआ आईसीयू और न्यूरो सर्जरी ओटी, हेड इंजुरी के मरीजों को मिलेगा अत्याधुनिक इलाज
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में आईसीयू और न्यूरो सर्जरी विभाग के ऑपरेशन थिएटर का सोमवार को शुभारंभ किया गया। आयुक्त दरभंगा प्रमंडल सह रोगी कल्याण समिति के अध्यक्ष हिमांशु कुमार राय और जिलाधिकारी सह समिति के उपाध्यक्ष कौशल कुमार ने फीता काटकर पांचवें तल पर दोनों सुविधाओं का उद्घाटन किया।
न्यूरो सर्जरी और अत्याधुनिक आईसीयू की सुविधा शुरू होने से सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायल होने वाले हेड इंजुरी के मरीजों को अब डीएमसीएच में ही विशेषज्ञ इलाज और आवश्यक सर्जरी की सुविधा मिल सकेगी। इससे गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे शहरों में रेफर करने की जरूरत कम होगी।
शुभारंभ के दिन ही बाइक दुर्घटना में घायल घनश्यामपुर के नवटोल निवासी लक्ष्मण शर्मा का न्यूरो सर्जरी विभाग में सफल ऑपरेशन किया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. भूवनजी झा के नेतृत्व में डॉ. वहाज और डॉ. संजय कुमार की टीम ने सर्जरी की। निश्चेतना विभागाध्यक्ष डॉ. हरिदामोदर सिंह, डॉ. मनोज कुमार और डॉ. रविन्द्र कुमार झा ने चिकित्सा सहयोग दिया। ऑपरेशन के बाद मरीज को निगरानी के लिए आईसीयू में शिफ्ट किया गया।
आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने अधिकारियों और चिकित्सकों को मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने और अनावश्यक रेफर नहीं करने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की ड्यूटी, ओपीडी का सुचारू संचालन, साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, पौष्टिक भोजन और मरीजों के अटेंडेंट की सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने मरीजों के बेडशीट और तकिया कवर प्रतिदिन बदलने तथा अस्पताल परिसर में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और जलजमाव की समस्या का समाधान सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
जल्द शुरू होगा कैथलैब
डीएमसीएच अधीक्षक ने बताया कि कार्डियोलॉजी विभाग के कैथलैब को शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जल्द ही कैथलैब में भी काम शुरू होने की उम्मीद है। इसके बाद गंभीर हृदय रोगियों को भी डीएमसीएच में बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।