जन्माष्टमी जागरण में युवक की हत्या मामले को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर किया उद्भेदन, आठ आरोपी गिरफ्तार।

पुलिस ने खून से सना चाकू और 3 मोबाइल किया बरामद, अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी

दस्तक 7 मीडिया संवाददाता /विजय ठाकुर सिंहवाड़ा

 सिमरी थाना क्षेत्र के कुवरपट्टी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी में आर्केस्टा के दौरान शनिवार की रात चाकूबाजी में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल आठ मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को सिमरी थाना परिसर में सदर एसडीपीओ टू एसके सुमन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर घटना का खुलासा किया।
एसडीपीओ ने बताया कि दिनांक शनिवार की रात करीब 12 से 01 बजे के बीच कुंवरपट्टी वार्ड नं 12 स्थित हरिजन टोला आदर्श मध्य विद्यालय में जन्माष्टमी पर आर्केस्टा का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान गांव के राकेश सहनी का कुछ लोगों से विवाद हो गया। आरोप है कि राकेश सहनी ने फोन कर अपने जीजा गनौर सहनी और अन्य साथियों को बुला लिया। इसके बाद 14 नामजद और 5-6 अज्ञात लोग लाठी डंडा और धारदार हथियार से लैस होकर NH 27 होते हुए पूजा पंडाल में घुस गए और जातिसूचक गाली गलौज करते हुए मारपीट व तोड़फोड़ करने लगे।जब ग्रामीणों ने बीच बचाव किया तो आरोपी मुरारी कुमार ने रामाशीष राम के पुत्र कमलेश कुमार (26 वर्ष) के पेट में चाकू से वार कर दिया।जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बीच बचाव करने आए सुमन कुमार को भी चाकू मार दिया गया। परिजनों ने दोनों को दरभंगा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान कमलेश कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद मृतक कमलेश कुमार के पिता के आवेदन पर एससी एसटी एक्ट सहित कई सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
एसडीपीओ ने बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर एवं कमतौल के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम में सिमरी थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार, रविन्द्र भारती, शशिकान्त सिंह, पंकज कुमार व सशस्त्र बल शामिल थे।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त खून लगा चाकू और 3 मोबाइल फोन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी को पहचान मुरारी कुमार, विरेन्द्र ठाकुर, राकेश कुमार, चंचल कुमार, गनौर कुमार सहनी, चन्दन कुमार, अमरजीत कुमार और रोहित कुमार के रुप में हुई हे सभी कंसी व सिमरी थाना क्षेत्र के निवासी हैं। एसडीपीओ ने बताया कि फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

वहीं पुलिस का यह भी कहना हे कि बिना अनुमति के आर्केस्ट्रा का प्रोग्राम आयोजित किया गया था इसीलिये पूजा समिति के सदस्यों पर भी प्राथमिकी दर्ज की जा सकती हे।

मृतक का फोटो