एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण में तेजी लाने का निर्देश, डीएम ने लिया जायजा

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

शहर में निर्माणाधीन एलिवेटेड कॉरिडोर के कार्य में तेजी लाने को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने रविवार को विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने होली क्रॉस स्कूल एवं म्यूजियम गुमटी के समीप चल रहे निर्माण कार्य का जायजा लिया।

इस दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के अभियंताओं से कार्य की प्रगति, निर्माण की वर्तमान स्थिति और उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों और संवेदक से विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसी के अभियंताओं एवं संवेदक को एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण कार्य तेज गति से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर भी आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला रड्डी, कार्यपालक मजिस्ट्रेट मो. सज्जाद, संबंधित अभियंता, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।