कमतौल थाना की पुलिस ने अवैध हथियार के साथ दो युवक को किया गिरफ्तार, देशी पिस्टल व पांच जिंदा कारतूस बरामद

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

अवैध हथियार रखने वालों के विरुद्ध दरभंगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कमतौल थाना क्षेत्र से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और एक कार बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, कमतौल थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के वाजितपुर गांव में कुछ लोग अवैध हथियार के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से दो युवकों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मधुबनी जिले के जयनगर थाना क्षेत्र के यूनियन टोल वार्ड नंबर-3 निवासी लक्ष्मेश्वर साह के पुत्र राजा कुमार साह उर्फ राजा साह तथा दरभंगा जिले के केवटी थाना क्षेत्र के जलवारा वार्ड नंबर-8 निवासी मोहम्मद अशफाक के पुत्र मोहम्मद गुलाब के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा मौके से एक कार भी जब्त की गई। पुलिस ने दोनों आरोपितों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।