मेला घूमने निकले आठवीं के छात्र का मिला शव, पिता ने लगाया हत्या का आरोप,

जन्माष्टमी पूजा में शामिल होने घर से निकला था किशोर, साइबर कैफे के पास मिला शव

दस्तक 7मीडिया /अफजल खान 

केवटी थाना क्षेत्र के कोयलास्थान वार्ड नंबर-7 में जन्माष्टमी का मेला घूमने निकले आठवीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र सुमन कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार देर रात उसका शव घर से करीब 200 मीटर दूर एक साइबर कैफे के पास मिला। घटना के बाद मृतक के पिता ने पुराने वर्चस्व विवाद को लेकर हत्या की आशंका जताई है।

मृतक राम विनोद यादव का पुत्र था। पिता के अनुसार, सुमन रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद घर से करीब 100 मीटर दूर आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पूजा में शामिल होने गया था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान साइबर कैफे के पास वह अचेत अवस्था में मिला।

परिजन और स्थानीय लोग उसे जीवित होने की उम्मीद में डीएमसीएच ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर बेंता थाना पुलिस डीएमसीएच पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मृतक के पिता के बयान को बेंता पुलिस ने संबंधित थाना पुलिस को भेज दिया है। बयान में उन्होंने एक नाबालिग समेत तीन लोगों पर सुमन की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।