अररिया कोर्ट को 10 सितंबर से पहले बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस-प्रशासन में हड़कंप
अररिया कोर्ट को 10 सितंबर से पहले बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस-प्रशासन में हड़कंप
अररिया कोर्ट को 10 सितंबर से पहले बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस-प्रशासन में हड़कंप
दस्तक 7मीडिया /अररिया
सिविल कोर्ट को 10 सितंबर से पहले बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया है। जिला जज को डाक के जरिए भेजे गए बंद लिफाफे में धमकी भरा पत्र मिला है। पिछले आठ महीनों में कोर्ट को बम से उड़ाने की यह पांचवीं धमकी बताई जा रही है।
पत्र भेजने वाले ने खुद को सरकारी वकील बताते हुए दावा किया कि उसकी पत्नी के मोबाइल पर एक कॉल आया था। फोन करने वाले ने कथित तौर पर कहा कि 10 सितंबर तक अररिया कोर्ट को तबाह कर दिया जाएगा। पत्र में संबंधित महिला का मोबाइल नंबर भी दिया गया था।
चेन्नई का निकला मोबाइल नंबर
पुलिस ने पत्र में दिए गए मोबाइल नंबर की जांच की तो उसका संबंध चेन्नई से मिला। पुलिस ने जब नंबर पर संपर्क किया तो महिला ने अपने पति के सरकारी वकील होने और किसी भी तरह की धमकी भरी कॉल आने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस पत्र भेजने वाले की पहचान और पूरे मामले की सच्चाई का पता लगाने में जुट गई है।
बम और डॉग स्क्वायड ने खंगाला कोर्ट परिसर
धमकी की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ने कोर्ट परिसर की सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
आठ महीने में पांचवीं धमकी
बताया जा रहा है कि अररिया कोर्ट को इससे पहले भी कई बार बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। 8 जनवरी, 28 जनवरी, 12 फरवरी और 13 अप्रैल को भी इस तरह की धमकियां मिलने की बात सामने आई थी।
फिलहाल पुलिस की साइबर सेल और विशेष जांच टीमें पत्र भेजने वाले की पहचान में जुटी हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी के पीछे कौन है और क्या इसका कोई वास्तविक खतरा है।