दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा में फिल्मी साजिश का खुलासा, हत्या केस में समझौता कराने के लिए खुद ही रची अपहरण की झूठी कहानी, 17 वर्षीय किशोर सकुशल , 24 घंटे के अंदर पुलिस ने किया सफल उद्भेदन

*दस्तक 7 मीडिया / सिंहवाड़ा

दरभंगा / सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र से अपहरण का सनसनीखेज मामला आखिरकार फर्जी निकला पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच में खुलासा हुआ कि हत्या के एक मामले में समझौता करने का दबाव बनाने के लिए अपहरण की झूठी साजिश रची गई थी। शुक्रवार को सिंहवाड़ा थाना पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सदर एसडीपीओ टू एसके सुमन ने कहा कि दिनांक 03.09.2026 को थाना सिंहवाड़ा में उर्मिला देवी पति उत्तम सहनी ग्राम राजो वार्ड नं 05 ने थानाध्यक्ष को सूचना दी कि उनके 17 वर्षीय पुत्र रौशन कुमार सहनी का अज्ञात लोगों ने अपहरण कर लिया है। आरोप था कि उसके साथ बेरहमी से मारपीट की जा रही है। अपहर्ताओं ने उसके बड़े बेटे के मोबाइल पर मारपीट का एक वीडियो भी भेजा था और हत्या की धमकी दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा के निर्देश पर सदर एसडीपीओ टू के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। जिसमें सिंहवाड़ा, कमतौल, जाले और सिमरी थाना की पुलिस के साथ-साथ तकनीकी टीम को शामिल किया गया। टीम ने मधुबनी और मुजफ्फरपुर जिला पुलिस से समन्वय स्थापित कर लगातार रातभर छापेमारी की। पुलिस के लगातार दबिश से घबराकर अपराधी अपहृत किशोर को सिंहवाड़ा थाना के पनिशाला चौक पर मोटरसाइकिल से लाकर छोड़कर फरार हो गए। गश्ती पदाधिकारी ने किशोर को अपने संरक्षण में लेकर थाना लाया। जब अपहृत से पूछताछ की गई तो पूरा मामला ही पलट गया। पता चला कि यह अपहरण नहीं, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी।
पुलिस के अनुसार सिंहवाड़ा थाना कांड संख्या-192/26, दिनांक 18.06.26 धारा-126(2)/115(2)/109(1)/74/303(2)/190/191(2)/191(3) BNS के हत्या के केस में समझौता कराने के लिए यह षड्यंत्र रचा गया था। इस केस के प्राथमिक अभियुक्त दीपक सहनी पर समझौते का अनैतिक दबाव बनाने के लिए दीपक सहनी की योजना के अनुसार राकेश सहनी, सुमन पासवान, ललन एवं सोनू कुमार के साथ मिलकर तथाकथित अपहृत रौशन कुमार ने खुद ही अपहरण की झूठी कहानी बनाई। ताकि हत्या कांड के वादी और गवाहों पर झूठा केस दर्ज कराकर समझौता कराया जा सके। छापेमारी दल में तकनीकी शाखा के अमृत साह , सिमरी थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार , कमतौल थाना अध्यक्ष , पुअनि कमलेश कुमार मिश्रा , पुअनि दिलीप कुमार , पुअनि निलेश कुमार , पुअनि ब्रह्मदेव दास ,सअनि नवलेश कुमार , पीटीसी मुकेश कुमार , थे। पुलिस ने बरामद किशोर का न्यायालय में बयान दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मानवीय एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।