विदेशी शराब का बड़ा जखीरा बरामद, जमीन खोदकर छिपाई गई थी 482 लीटर की खेप, बिरौल उत्पाद थाना की टीम ने दो तस्करों को दबोचा

दस्तक 7 मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

अनुमंडल स्तरीय मद्यनिषेध-उत्पाद थाना बिरौल की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। उत्पाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सन्नी कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के पोखरभिंडा गांव में छापेमारी कर जमीन के अंदर छिपाकर रखी गई सैकड़ों लीटर विदेशी शराब बरामद की है। मौके से शराब के अवैध धंधे में संलिप्त दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
बिरौल में अनुमंडल स्तरीय मद्यनिषेध-उत्पाद थाना की स्थापना के बाद से इसे अब तक की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि पोखरभिंडा गांव में शराब की एक बड़ी खेप छिपाकर रखी गई है। सूचना का सत्यापन होते ही इंस्पेक्टर सन्नी कुमार ने तुरंत अपनी टीम के साथ गुप्तचर के बताए हुए कंचन ठाकुर और सदानंद ठाकुर के ठिकानों पर दबिश दी। तलाशी के दौरान जब टीम ने घर के आसपास की जमीन खोदी, तो अंदर छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बोतलें देखकर दंग रह गई।
उत्पाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो गृहस्वामियों को मौके से ही हिरासत में ले लिया। टीम पूरी खेप को जब्त कर दोनों आरोपितों को पूछताछ के लिए अपने साथ बिरौल थाना ले आई है। इंस्पेक्टर सन्नी कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि बरामद शराब की कुल मात्रा 482 लीटर है। मौके पर शराब के अवैध कारोबारी कंचन ठाकुर और प्रेम कुमार ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है। जिसे कागजी प्रक्रिया पूरी होने पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाएगा। उत्पाद विभाग की पुलिस दोनों तस्करों से
यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह बड़ी खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था। इस सफल कार्रवाई से इलाके के शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।