अपराध समीक्षा गोष्ठी में एसडीपीओ ने दिए कई निर्देश,जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर हुई विशेष चर्चा,

दस्तक 7 मिडिया,उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा


अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिरौल के कार्यालय में सात (07) थाना की मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने की। बैठक में क्षेत्र की विधि व्यवस्था, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और आगामी जन्माष्टमी महोत्सव के मद्देनजर सुरक्षा रणनीतियों पर गंभीर मंथन किया गया।
अपराध गोष्ठी के दौरान एसडीपीओ श्री तिवारी ने एक-एक कर सभी थानाध्यक्षों से उनके क्षेत्र में लंबित पड़े कांडों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अनुसंधान की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही, लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों और नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी अभियान चलाने का सख्त आदेश दिया गया।
बैठक में आने वाले जन्माष्टमी महोत्सव के दौरान क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष चर्चा हुई। एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी ने थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय असामाजिक तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करें। गश्ती दल को 24 घंटे मुस्तैद और पूरी तरह अलर्ट रखने को कहा गया ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास बना रहे। इस महत्वपूर्ण अपराध समीक्षा बैठक में अंचल पुलिस निरीक्षक महफूज आलम, पुनि पर्यवेक्षी पदाधिकारी अमृत लाल वर्मन के अलावा क्षेत्र के विभिन्न थानों के अध्यक्षों ने हिस्सा लिया, जिनमें बिरौल थानाध्यक्ष चन्द्र मणि,
कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद,तिलकेश्वर थानाध्यक्ष केशरी नन्द राम,नदी थाना थानाध्यक्ष सुशील कुमार, जमालपुर मुकेश कुमार,बड़गांव थानाध्यक्ष राहुल कुमार, घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आलोक कुमार उपस्थित थे।
बैठक के अंत में सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में जनता से बेहतर समन्वय स्थापित करें और सूचना तंत्र को और अधिक मजबूत बनाएं और जन्माष्टमी महोत्सव शांति पुर्ण संपन्न कराने के लिए शांति समिति की बैठक आयोजित करें।