लहेरियासराय पुलिस की छापेमारी में 485 लीटर शराब बरामद, तीन महिलाएं पकड़ी गईं,

लहेरियासराय के अंधेरियाबाग-बेलवागंज में कार्रवाई, घरों में तहखाना बनाकर छिपा रखी थी शराब

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

लहेरियासराय थाना क्षेत्र के अंधेरियाबाग-बेलवागंज में पुलिस ने शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने करीब 485 लीटर देसी-विदेशी शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं को पकड़ा है। मामले में आठ लोगों के खिलाफ मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, दो सितंबर की शाम पकड़े गये पियक्कड़ों से पुलिस को  गुप्त सूचना मिली थी कि अंधेरियाबाग बेलवागंज में कुछ घरों में भारी मात्रा में शराब छिपाकर रखी गई है और उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के लिए लहेरियासराय थाने की टीम ने अलग-अलग घरों की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की।

पुलिस ने कविता कुमारी के घर से प्लास्टिक की बाल्टी में छिपाकर रखी छह लीटर नेपाली शराब बरामद की। तलाशी के दौरान पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रही कविता कुमारी को भी पकड़ लिया गया।

इसके बाद कृष्ण कुमार महतो के घर की तलाशी ली गई। यहां पांच कमरों में पलंग के तहखाने, जमीन के नीचे बनाए गए गुप्त स्थान यानि जमीन में  गोला आकार का छेद और उसके नीचे तहखाना,पलंग में तहखाना , प्लास्टिक के डिब्बों, बोरे और छज्जे आदि में शराब छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने यहां से 67 लीटर देसी और 291.065 लीटर विदेशी शराब, कुल 358.065 लीटर शराब बरामद की। इस दौरान प्रियंका देवी और पूजा देवी को पकड़ा गया।

 

वहीं, गोविन्द महतो के घर की तलाशी में विभिन्न ब्रांड की शराब की 126.67 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसमें व्हिस्की, बीयर और वोदका की बोतलें शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, बरामद शराब के संबंध में पकड़ी गई महिलाओं से पूछताछ की गई, लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सकीं। जब्त शराब को थाना लाकर मालखाने में सुरक्षित रखा गया।

मामले में कविता कुमारी, प्रियंका देवी, पूजा देवी, कृष्ण कुमार महतो, शंकर महतो, गोविन्द महतो, उसके चाचा सत्यनारायण महतो और पत्नी काजल देवी के खिलाफ प्राथमिकी 526/26 दर्ज की गई है।