तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से महिला की मौत, पति के लिए दवा लेने निकली थी

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

डगरसाम सेंटर चौक पर गुरुवार शाम करीब सात बजे तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान डगरसाम निवासी सबिला खातून (40) के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, सबिला खातून अपने पति मोहम्मद साबिर (42) के साथ पति के लिए दवा लेने सेंटर चौक स्थित दवा दुकान की ओर जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सबिला खातून गंभीर रूप से जख्मी होकर सड़क पर गिर गईं। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया है।

पुलिस दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान और घटना के कारणों की जांच कर रही है।