अनियंत्रित वाहन की टक्कर से एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त, तीन महिलाएं जख्मी,

डीएमसीएच से नवजात का शव लेकर सहरसा लौट रहे थे परिजन, चालक व ईएमटी बाल-बाल बचे

दस्तक 7 मीडिया /अफजल खान 

घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के बिरौल-कुशेश्वरस्थान एसएच पर विशनपुर चौक के समीप गुरुवार अहले सुबह एक अनियंत्रित वाहन की टक्कर से डायल-102 एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एंबुलेंस सवार तीन महिलाएं गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। वहीं, चालक और ईएमटी बाल-बाल बच गए।

जख्मी महिलाओं की पहचान सहरसा जिले के महिषी थाना क्षेत्र के कुम्मराहा गांव निवासी मो. शहाबुद्दीन की पत्नी रबिना खातून (40), मो. सोहित की पत्नी अमीना खातून (20) और मो. निजात की पत्नी गुलेशा खातून (65) के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को उपचार के लिए बिरौल पीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सभी को डीएमसीएच रेफर कर दिया।

जख्मी के स्वजन मो. मुस्तकीम ने बताया कि मंगलवार रात सहरसा सदर अस्पताल में प्रसव के बाद एक बीमार नवजात का जन्म हुआ था। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने नवजात को बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर किया था। बुधवार देर रात इलाज के दौरान नवजात की मौत हो गई। इसके बाद परिजन डायल-102 एंबुलेंस से नवजात का शव लेकर सहरसा स्थित घर लौट रहे थे।

इसी दौरान गुरुवार अहले सुबह विशनपुर चौक के समीप एक अनियंत्रित वाहन ने एंबुलेंस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन महिलाएं जख्मी हो गईं।

स्वजन के अनुसार, सभी घायल महिलाओं की हालत फिलहाल स्थिर है। डीएमसीएच में उनका इलाज चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।