13 सितंबर तक स्टेनो परीक्षा, केंद्र के 100 मीटर दायरे में निषेधाज्ञा
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
कर्मचारी चयन आयोग की स्टेनो ग्रेड सी एवं डी कंप्यूटर आधारित परीक्षा 9 से 13 सितंबर तक आयोजित होगी। परीक्षा के शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने परीक्षा केंद्र के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
जिला दंडाधिकारी कौशल कुमार के आदेश पर सदर अनुमंडल दंडाधिकारी कुमार गौरव ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 के तहत परीक्षा केंद्र के 100 मीटर की परिधि में निषेधाज्ञा लागू की है। परीक्षा आदर्श परीक्षा केंद्र, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति क्षेत्रीय कार्यालय, नाका नंबर-06, जिला स्कूल परिसर, दरभंगा में होगी।
निषेधाज्ञा के दौरान पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, आग्नेयास्त्र अथवा अन्य घातक हथियार और विस्फोटक लेकर चलने पर प्रतिबंध रहेगा। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्र के प्रयोग पर भी रोक रहेगी।
परीक्षा केंद्र के अंदर परीक्षार्थियों एवं परीक्षा से जुड़े अन्य व्यक्तियों के मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, वाई-फाई गैजेट, इलेक्ट्रॉनिक पेन, पेजर, व्हाइटनर, इरेजर, ब्लेड, सेलुलर फोन समेत किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि परीक्षा ड्यूटी में तैनात पदाधिकारी, पुलिसकर्मी एवं सैन्य बल के कर्मी, प्रशासन से जारी पासधारी, शवयात्रा, धार्मिक जुलूस तथा शादी-विवाह कार्यक्रम में शामिल लोगों के मामले में यह आदेश शिथिल रहेगा।