जन्माष्टमी पर 332 स्थानों पर तैनात होंगे दंडाधिकारी व पुलिस बल
जन्माष्टमी पर 332 स्थानों पर तैनात होंगे दंडाधिकारी व पुलिस बल
जन्माष्टमी पर 332 स्थानों पर तैनात होंगे दंडाधिकारी व पुलिस बल
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर जिले में विधि-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। जिलाधिकारी कौशल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी की ओर से संयुक्त आदेश जारी किया गया है। पर्व के दौरान जिले के 332 स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जन्माष्टमी का पर्व 4 और 5 सितंबर को मनाया जाएगा। श्रद्धालुओं की भीड़, पूजा स्थलों, जुलूस और मूर्ति विसर्जन को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों और जवानों को 4 सितंबर के पूर्वाह्न में अपने-अपने स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
4 और 5 सितंबर को नियंत्रण कक्ष रहेगा चालू
दरभंगा समाहरणालय में जिला नियंत्रण कक्ष 4 और 5 सितंबर को कार्यरत रहेगा। इसके वरीय प्रभार में उप विकास आयुक्त स्वप्निल रहेंगे। नियंत्रण कक्ष से जिले की विधि-व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी और किसी भी अप्रिय सूचना पर संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
अग्निशमन और यातायात की भी विशेष व्यवस्था
अग्निशमन विभाग को नियंत्रण कक्ष में आवश्यक संसाधनों से लैस एक यूनिट तैनात रखने का निर्देश दिया गया है। सभी अग्निशमन वाहनों को संबंधित अनुमंडल मुख्यालय में रिपोर्ट करने को कहा गया है।
मूर्ति विसर्जन पूरा होने तक शहरी क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों पर पर्याप्त संख्या में यातायात पुलिस की तैनाती रहेगी। यातायात प्रभारी स्वयं भ्रमणशील रहकर व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ेगी निगरानी
प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्ती और विशेष निगरानी का निर्देश दिया है। पूर्व में विवाद वाले स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है। थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति, पूजा समितियों और स्थानीय लोगों के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।
तीनों अनुमंडलों में वरीय अधिकारियों को विशेष प्रभार सौंपा गया है। सदर में अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, बेनीपुर में बंदोबस्त पदाधिकारी मनोज कुमार और बिरौल में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी रवि प्रकाश विधि-व्यवस्था की निगरानी करेंगे।जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने लोगों से जन्माष्टमी पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने, प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।