19 वर्षीय भांजे का अपहरण कर मामा ने मांगी एक लाख की फिरौती,मामा गिरफ्तार, भांजा सकुशल जंगल से बरामद, परिजनों ने मारपीट की भी कही बात
19 वर्षीय भांजे का अपहरण कर मामा ने मांगी एक लाख की फिरौती,मामा गिरफ्तार, भांजा सकुशल जंगल से बरामद, परिजनों ने मारपीट की भी कही बात
19 वर्षीय भांजे का अपहरण कर मामा ने मांगी एक लाख की फिरौती,मामा गिरफ्तार, भांजा सकुशल जंगल से बरामद, परिजनों ने मारपीट की भी कही बात
दस्तक 7 मिडिया, घनश्यामपुर, दरभंगा।
थाना क्षेत्र के पोहद्दी गांव से 19 वर्षीय युवक के अपहरण और एक लाख रुपये फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। युवक की मां के आवेदन पर घनश्यामपुर पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित मामा राम कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने युवक को मधुबनी जिले के आरएस थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर स्थित जंगल से बरामद किया है।
पोहद्दी वार्ड-8 निवासी रीना देवी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनका 19 वर्षीय बेटा अभिषेक कुमार देव मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका इलाज भी कराया जा चुका है। 30 अगस्त की दोपहर करीब दो बजे वह घर से अचानक लापता हो गया। खोजबीन के दौरान पता चला कि उनके भाई राम कुमार, निवासी धमसाईन, थाना अलीनगर, अभिषेक को पोहद्दी हाईस्कूल के पास से बाइक पर बैठाकर ले गए हैं। आरोप है कि शाम करीब चार बजे भाई राम कुमार ने बहन रीना देवी को वीडियो कॉल कर बेटे को बंधक बनाए जाने की बात कही और एक लाख रुपये की फिरौती मांगी। रुपये नहीं देने पर अभिषेक को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। महिला ने पुलिस को बताया कि वीडियो कॉल के दौरान उन्हें बेटे के रोने की आवाज सुनाई दी। अभिषेक कथित तौर पर कह रहा था, “अब मत मारो मामू।” इसके बाद परिजन युवक की तलाश में जुट गए और मधुबनी जिले के आरएस थाना पहुंचे। पुलिस की मदद से आरोपी के ससुराल क्षेत्र में कार्रवाई की गई। यहां जंगल के बीच से अभिषेक को बरामद कर लिया गया, जबकि राम कुमार को भी पकड़ लिया गया। परिजनों ने युवक के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया है।
थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि महिला के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी राम कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि अभिषेक की मानसिक स्थिति खराब होने के कारण उसने मुंबई में पैसे खर्च कर उसका इलाज कराया था। बाद में उसने अपनी बहन से इलाज में खर्च हुए रुपये मांगे, लेकिन बहन ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसको लेकर गांव में पंचायत भी हुई, लेकिन विवाद का समाधान नहीं हुआ। आरोपी के अनुसार इसी कारण वह अभिषेक को अपने साथ उठाकर ससुराल ले गया था। वहीं, पीड़ित परिवार का आरोप है कि युवक को सुनसान जंगल में ले जाकर उसके साथ मारपीट की गई और उसी से फोन करवाकर एक लाख रुपये की मांग की गई। रुपये नहीं देने पर बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।