जिले में मंगलवार को 48 स्थानों पर सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। बेनीपुर प्रखंड की देवराम अमेठी पंचायत के प्लस-2 उच्च विद्यालय, अमैठी में आयोजित शिविर में डीएम कौशल कुमार ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न विभागों के काउंटरों का निरीक्षण किया।
डीएम ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य लोगों को पंचायत स्तर पर ही सरकारी सेवाओं और योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान की सुविधा उपलब्ध कराना है। ग्रामीणों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए प्रखंड और अंचल कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसके लिए शिविर के माध्यम से आवेदन लिए जा रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का पंजी संधारित करते हुए विभागवार और विषयवार विवरण सुरक्षित रखें। जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव है, उनका तत्काल नियमानुसार निष्पादन करें। अन्य मामलों को संबंधित कार्यालय को भेजकर लगातार अनुश्रवण सुनिश्चित करें।
डीएम ने कहा कि आवेदकों को उनके आवेदन की कार्रवाई और निष्पादन की स्थिति से भी अवगत कराया जाए। प्रशासन का लक्ष्य सरकारी सेवाओं को आम लोगों तक सहज रूप से पहुंचाना और जनसमस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान करना है।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने विभिन्न विभागों के काउंटरों पर उपलब्ध सेवाओं, प्राप्त आवेदनों और ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी संबंधित पदाधिकारियों से ली। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सरकारी योजनाओं और सेवाओं से संबंधित आवेदन दिए।
मौके पर वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, बेनीपुर एसडीओ, डीसीएलआर, बीडीओ, सीओ, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, मुखिया, पंचायत सचिव सहित अन्य अधिकारी व कर्मी मौजूद थे।