कन्हई व कसरौर करकौली में लगा सहयोग शिविर, ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निष्पादन

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

जिला प्रशासन के निर्देश पर गौड़ाबौराम प्रखंड की कन्हई पंचायत सरकार भवन एवं कसरौर करकौली सामुदायिक भवन में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने के साथ पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना था।

कन्हई पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर की अध्यक्षता सहायक निदेशक, दिव्यांगजन सशक्तीकरण कोषांग आशीष अमन ने की। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित पदाधिकारियों व कर्मियों को प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया।

शिविर में दिव्यांगजन सशक्तीकरण, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन, प्रमाण-पत्र, सरकारी योजनाओं एवं पंचायत स्तर की सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने आवेदन दिए। अधिकारियों ने आवेदनों की जानकारी लेते हुए पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की।

वहीं, कसरौर करकौली सामुदायिक भवन में आयोजित शिविर में भी बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। लोगों ने विभिन्न सरकारी सेवाओं और कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।

इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही पात्र लोगों से आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

शिविर में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी सुजीत कुमार, जनप्रतिनिधि, संबंधित पदाधिकारी-कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। जिला प्रशासन की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे शिविरों के माध्यम से प्रशासन की पहुंच मजबूत करने और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने का प्रयास जारी है।