मिनी कंटेनर से 876 लीटर विदेशी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार ,

विशनपुर के भरौल में मद्यनिषेध टीम की कार्रवाई, हेलमेट से ढककर छिपाई गई थी करीब 10 लाख की शराब

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

विशनपुर थाना क्षेत्र के भरौल में मद्यनिषेध विभाग की टीम ने मिनी कंटेनर से 876.960 लीटर विदेशी शराब बरामद की। शराब को हेलमेट से ढककर छिपाने का प्रयास किया गया था। टीम ने मौके से वाहन चालक को गिरफ्तार कर मिनी कंटेनर जब्त कर लिया।

जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मद्यनिषेध टीम को सूचना मिली कि भरौल के रास्ते मिनी कंटेनर (टाटा 407) से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब ले जाई जा रही है।

सूचना के आधार पर टीम ने रात में वाहन जांच शुरू की। जांच के दौरान मिनी कंटेनर से हेलमेट के नीचे छिपाकर रखी गई 876.960 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।

सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध प्रदीप कुमार ने बताया कि शराब के साथ परिवहन में इस्तेमाल मिनी कंटेनर को जब्त कर लिया गया है। चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।उन्होंने बताया कि शराब के स्रोत और इसके परिवहन से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच की जा रही है। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।