पत्नी से विवाद के बाद पति ने फंदे से लटककर दी जान,पत्नी को पीटने के बाद मोबाइल तोड़ा, फिर खुद को कमरे में किया बंद, 11 वर्ष पूर्व हुई थी शादी, चार बच्चों का था पिता

दस्तक 7 मीडिया /अफजल खान 

थाना क्षेत्र के कमलपुर गांव में सोमवार देर रात पत्नी से विवाद के बाद एक युवक ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान वार्ड संख्या 13 निवासी स्वर्गीय सुखनंदन सहनी के पुत्र रघुवर कुमार सहनी के रूप में हुई है। वह राजमिस्त्री का काम करता था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

डीएमसीएच के पोस्टमार्टम हाउस में मृतक की पत्नी रिंकू कुमारी ने बताया कि वह अपने चार बच्चों और पति के साथ लहेरियासराय के खाजासराय मोहल्ले में किराए के मकान में रहती है। रक्षाबंधन के मौके पर वह पति के साथ अपने मायके बैरकपुर गांव गई थी। सोमवार को रघुवर अपने बंद पड़े घर कमलपुर चला गया था।

रिंकू के अनुसार, दोपहर करीब तीन बजे पति ने फोन कर पेटीएम के माध्यम से एक हजार रुपये भेजने को कहा। पैसे नहीं होने की बात कहकर उसने पहले 700 रुपये भेजे। इसके बाद पति के कहने पर दो बार में 500-500 रुपये और भेजे। इसके करीब एक-दो घंटे बाद दोनों के बीच फोन पर विवाद हो गया। आरोप है कि गुस्से में रघुवर ने अपना मोबाइल तोड़ दिया।

इसके बाद उसने पत्नी को बच्चों के साथ मायके से कमलपुर आने को कहा। रात होने और चार बच्चों के साथ अकेले आने में असमर्थता जताने के बावजूद वह नहीं माना। दोनों के बीच रास्ते में मिलने की बात तय हुई। इसके बाद रिंकू बच्चों को मायके में छोड़कर अकेले कमलपुर के लिए निकल गई।

रिंकू ने बताया कि ससुराल से कुछ दूरी पहले खेत में रघुवर मिला। वहां उसने उसके साथ मारपीट की और उसे अपने साथ घर ले आया। घर पहुंचने के बाद रघुवर ने पत्नी को बाहर छोड़ दिया और खुद कमरे के अंदर जाकर दरवाजा बंद कर लिया।

रिंकू ने बताया कि अनहोनी की आशंका होने पर उसने डायल-112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे में रघुवर का शव पंखे से साड़ी के सहारे लटका मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इधर, पोस्टमार्टम के दौरान पुलिस ने बिसरा सैंपल भी सुरक्षित कराया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। स्वजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की बात कही गई है।