मीशो डिलीवरी सेंटर में घुसकर 1.42 लाख की चोरी, तीन नामजद संदिग्धों पर मामला दर्ज

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा

स्थानीय थाना क्षेत्र के हांटी स्थित दो मीशो डिलीवरी सेंटरों में घुसकर एक अज्ञात चोर ने 1,42,000 की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना बीते 27 अगस्त 2026 की बताई जा रही है। इस संबंध में मोरवारा निवासी रीना देवी द्वारा थाने में लिखित आवेदन दर्ज कराया गया है। प्राप्त आवेदन के अनुसार,पीड़िता 27 अगस्त की रात डिलीवरी सेंटर के कार्यालय में सो रही थीं। इसी दौरान ग्रिल के रास्ते एक अज्ञात युवक अंदर दाखिल हुआ। अपराधी ने बड़ी ही चालाकी से दोनों डिलीवरी सेंटरों और कमरे में रखी नकदी चोरी कर ली। एक डिलीवरी सेंटर से लगभग ₹80,000 और दूसरे कमरे से करीब ₹62,000 की चोरी हुई है। जब तक पीड़िता की नींद खुली, आरोपी नकदी लेकर फरार हो चुका था। थानाध्यक्ष चन्द्र मणि ने बताया कि प्राप्त आवेदन पर एफआईआर दर्ज कर लिया गया है। आवेदन में पीड़िता ने आशंका जताई है कि चोर को इस बात की पहले से सटीक जानकारी थी कि नकदी कहां रखी हुई है। आवेदन में पूर्व में धमकी दे रहे तीन व्यक्तियों आशीष कुमार महतो, राजा महतो और विपिन कुमार साहू पर मुख्य रूप से संदेह जताया गया है। घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। इस मामले की जांच का जिम्मा पीएसआई पूजा कुमारी को सौंपा गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और चोरी हुई राशि बरामद करने के लिए छापेमारी कर रही है।