बांका जिला अंतर्गत  75 हजार रिश्वत लेते फुल्लीडूमर के बीडीओ गिरफ्तार, मामा भी धराये 

दस्तक 7मीडिया / पटना 

पटना निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बांका जिले के फुल्लीडूमर प्रखंड के बीडीओ अमित प्रताप सिंह को 75 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। उनके साथ उनके मामा बच्चन प्रसाद सिंह को भी सह-आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया गया है। रिश्वत की रकम उनके मामा के माध्यम से लिए जाने की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, पंचायती राज विभाग से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति और राशि निकासी के एवज में प्रखंड प्रमुख गौतम प्रकाश से बीडीओ द्वारा 75 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद पटना से निगरानी की विशेष टीम ने मामले का सत्यापन किया और मंगलवार सुबह बांका शहर की नेहरू कॉलोनी स्थित बीडीओ के निजी आवास पर जाल बिछाया। इसी दौरान रिश्वत की रकम लेते बीडीओ और उनके मामा को पकड़ लिया गया।

एक दिन पहले पूर्व मुखिया को भेजा था जेल

इस कार्रवाई के बाद बीडीओ की गिरफ्तारी का मामला और चर्चा में आ गया है। बताया जाता है कि सोमवार को ही फुल्लीडूमर प्रखंड कार्यालय में जन्म प्रमाण पत्र से जुड़े विवाद को लेकर हाथापाई हुई थी। इस मामले में बीडीओ की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व मुखिया संजीव कुमार मंडल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

इसके ठीक अगले दिन निगरानी की कार्रवाई में खुद बीडीओ अमित प्रताप सिंह के रिश्वत लेते पकड़े जाने से इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। निगरानी टीम दोनों आरोपितों से पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।