विशेष भूमि सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त प्रक्रिया के तहत एक महत्वपूर्ण ग्राम सभा का हुआ आयोजन,कानूनगो अमित कुमार ने तकनीकी व व्यावहारिक विषयों पर दी जानकारी

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

बिरौल अंचल अंतर्गत राजस्व ग्राम रसलपुर (थाना संख्या 285) में 01 सितंबर 2026 यानी मंगलवार को विशेष भूमि सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त प्रक्रिया के तहत एक महत्वपूर्ण ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में भूमि सर्वेक्षण कर्मियों,स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में रैयतों की उपस्थिति रही।
ग्राम सभा के दौरान विशेष सर्वेक्षण कानूनगो अमित कुमार, विशेष सर्वेक्षण अमीन रिधिराज कुमार एवं सतीश कुमार ने उपस्थित ग्रामीणों और भू-स्वामियों को सर्वेक्षण प्रक्रिया,विशेषकर किश्तवाड़ (मानचित्र निर्माण एवं सीमांकन) से जुड़ी तकनीकी व व्यावहारिक जानकारियों से विस्तारपूर्वक अवगत कराया। अधिकारियों ने रैयतों को उनके अधिकारों, आवश्यक कागजातों और जमीन के रकबे से जुड़ी प्रक्रियाओं के बारे में जागरूक किया। आमसभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 05 सितंबर 2026 से गांव में किश्तवाड़ का कार्य औपचारिक रूप से शुरू कर दिया जाएगा। यह कार्य खेसरा संख्या 01 से प्रारंभ होकर गांव के अंतिम खेसरा तक क्रमबद्ध तरीके से चलाया जाएगा।
सर्वेक्षण दल ने सभी भू-स्वामियों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे किश्तवाड़ के दौरान अपने-अपने खेतों पर उपस्थित रहकर अपनी जमीनी सीमाओं (मेढ़ों) की सही-सही पहचान कराएं, ताकि सर्वेक्षण का कार्य पूर्ण पारदर्शिता, शुद्धता और बिना किसी विवाद के समयबद्ध तरीके से संपन्न हो सके।
ग्राम सभा में उपस्थित स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस प्रक्रिया का स्वागत किया और भूमि सर्वेक्षण में पूर्ण सहयोग देने की बात दोहराई।