पुलिस केंद्र में प्रशिक्षु सिपाहियों की परेड, एसएसपी ने किया निरीक्षण

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

पुलिस केंद्र लहेरियासराय में मंगलवार को वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के निर्देशन में साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। परेड के दौरान पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने परेड ग्राउंड का निरीक्षण कर प्रशिक्षु सिपाहियों की शारीरिक दक्षता, अनुशासन और ड्रिल का जायजा लिया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को बेहतर शारीरिक एवं मानसिक फिटनेस बनाए रखने के साथ-साथ अनुशासन का पालन करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

परेड के दौरान प्रशिक्षु सिपाहियों को टोलीवार ड्रिल कराई गई। साथ ही वर्दी की स्वच्छता, वर्दी पहनने के तरीके और समग्र टर्नआउट की जांच की गई। दौड़ एवं विभिन्न शारीरिक अभ्यासों के माध्यम से पुलिसकर्मियों की शारीरिक क्षमता का भी परीक्षण किया गया।

पुलिस केंद्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु सिपाहियों के मानसिक, शारीरिक एवं आत्मविकास के लिए योग प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त रखने के साथ उनकी कार्यक्षमता और मानसिक मजबूती को बढ़ाना है।

निरीक्षण के दौरान पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं, बैरक की साफ-सफाई तथा पुलिस वाहनों का भी जायजा लिया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों को परिसर की स्वच्छता, संसाधनों के रखरखाव और व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।