अवैध नर्सिंग होम को सिविल सर्जन ने किया सील

दस्तक 7 मीडिया /दरभंगा 

मनीगाछी प्रखंड क्षेत्र की नेहरा पूर्वी पंचायत के नेहरा लुल्हवा चौक स्थित श्याम सहनी के मकान में अवैध रूप से संचालित मिथिला इमरजेंसी हॉस्पिटल को सी एस ने सोमवार को सील कर दिया है। बताया जाता है कि बिना अनुज्ञप्ति एवं स्वास्थ्य सेवा के मानकों के विपरीत वर्षों से चलाए जा रहे इस अस्पताल में इलाज के दौरान गत वर्ष जगदीशपुर गांव निवासी व भाजपा नेता बच्चा बाबू सहनी की मौत हो चुकी थी। इनकी मौत पर लोगों ने हंगामा भी किया था। अवैध रूप से चल रहे इस अस्पताल के संबंध में लगातार मिल रही शिकायतों पर सोमवार  ‌को सी एस ने छापेमारी कर इसे सील कर दिया। जांच के दौरान सी एस डा अरूण कुमार ने बताया कि इस संबंध में कानून सम्मत उचित कार्रवाई की जाएगी।वहीं स्थानीय उप मुखिया मनोज चौधरी सहित कई लोगों ने सीएस द्वारा की गई कार्रवाई को महज खानापूरी बताया। लोगों ने बताया कि लैब रूम सहित कई रूम को बंद नहीं किया गया है।सिर्फ़ तीन रूम में ही ताला लगाया गया है। लोगों ने बताया कि एक ही मकान में अवैध रूप से नर्सिंग होम एवं व्यवसायिक विवाह भवन चल रहा है। विवाह भवन में भी कभी भी अनहोनी की घटना घट सकती है। लेकिन प्रशासन इस पर मौन है।