महिला सुरक्षा को लेकर दरभंगा पुलिस सख्त, ‘पुलिस दीदी’ के लिए चिन्हित होंगे हॉटस्पॉट,रखेगी पैनी नजर, करेगी सख्त कार्रवाई

दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।

स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, मुख्य बाजार, मॉल, धार्मिक स्थल, पार्क, रेलवे स्टेशन और संवेदनशील स्थानों पर बेवजह मटरगश्ती करने वाले मनचले, अपराधी किस्म के लोग हो जाइए सावधान, चूंकि आप पर पैनी नजर रखने और आपके विरुद्ध सख्त कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस नये अंदाज में तैयार हो चुकी है। इसको लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा आदेश जारी किया गया है। मालूम हो कि बिहार पुलिस मुख्यालय (कमजोर वर्ग प्रभाग), पटना के निर्देशों के आलोक में दरभंगा जिले में पूर्व में गठित ‘अभया ब्रिगेड’ यानी ‘पुलिस दीदी’ टीम को अधिक सक्रिय किया जा रहा है। यह टीम निर्जन और संवेदनशील स्थानों पर महिलाओं तथा छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी। एसएसपी द्वारा सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के हॉटस्पॉट स्थलों की सूची निर्धारित प्रपत्र में भरकर महिला थाना अध्यक्ष के कार्यालय में जमा कराएं। महिला थाना अध्यक्ष को सभी थानों से प्रतिवेदन एकत्र कर वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी दी गई है।
हॉटस्पॉट चिन्हित क्षेत्रों में ‘पुलिस दीदी’ और अभया ब्रिगेड की विशेष टीम में शामिल महिला और पुरुष पुलिस पदाधिकारी के अलावा हथियार से लैस आरक्षी बल इन स्थानों पर सघन गश्त और अभियान चलाएंगी। इससे छेड़खानी, छींटाकशी और महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अन्य अपराधों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।