बहेड़ी में मनाया गया ‘बेटी जन्मोत्सव’, 45 नवजात कन्याएं हुईं सम्मानित

दस्तक 7मीडिया /बहेड़ी 

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहेड़ी में सोमवार को ‘बेटी जन्मोत्सव’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रशासन, दरभंगा एवं जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में 45 नवजात कन्याओं एवं उनकी माताओं को बेबी किट, फल की टोकरी और बधाई कार्ड देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में अभिभावकों को बेटियों के जन्म को प्रोत्साहित करने के साथ उनके सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की जानकारी दी गई। बाल विवाह के दुष्परिणाम और कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए इसके खिलाफ जागरूक किया गया। साथ ही बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

डीएचईडब्ल्यू की लैंगिक विशेषज्ञ डॉली कुमारी एवं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ वीरेन्द्र कुमार ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और सुकन्या समृद्धि योजना की जानकारी दी। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों के भविष्य के लिए कम उम्र से ही नियमित बचत करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी, आशा फैसिलिटेटर, डाटा एंट्री ऑपरेटर सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।