शराबबंदी कानून में जब्त 17 वाहनों की नीलामी, 9.23 लाख राजस्व मिलने की उम्मीद

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत जब्त और राज्यसात किए गए 17 वाहनों की सोमवार को जिला वाहन नीलामी समिति ने सार्वजनिक नीलामी की। इनमें नौ सामान्य और आठ कबाड़ वाहन शामिल थे। नीलामी से करीब 9.23 लाख रुपये सरकारी राजस्व प्राप्त होने की संभावना है।

सहायक आयुक्त मद्यनिषेध प्रदीप कुमार ने बताया कि मद्यनिषेध विभाग और पुलिस विभाग द्वारा जब्त वाहनों तथा समाहर्ता न्यायालय, दरभंगा द्वारा राज्यसात वाहनों की नियमानुसार नीलामी कराई गई।

नीलाम किए गए नौ सामान्य वाहनों में एक ट्रक, दो चार पहिया वाहन, पांच मोटरसाइकिल और एक साइकिल शामिल हैं। वहीं, आठ कबाड़ वाहनों में सात चार पहिया वाहन और एक टेम्पो शामिल रहे।

उन्होंने बताया कि जब्त एवं राज्यसात वाहनों के निष्पादन के लिए नियमानुसार सार्वजनिक नीलामी की प्रक्रिया अपनाई जाती है। इससे वाहनों का नियमानुसार निपटारा होने के साथ सरकारी राजस्व की भी प्राप्ति होती है।

सहायक आयुक्त ने कहा कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और सेवन के खिलाफ मद्यनिषेध विभाग एवं पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। साथ ही जब्त और राज्यसात वाहनों के नियमानुसार निष्पादन की प्रक्रिया भी जारी रखी जा रही है।