जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में डीएम का सख्त निर्देश, लंबित मामलों का समय-सीमा में करें निष्पादन, जन शिकायतों पर विशेष निगरानी
जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में डीएम का सख्त निर्देश, लंबित मामलों का समय-सीमा में करें निष्पादन, जन शिकायतों पर विशेष निगरानी
जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में डीएम का सख्त निर्देश,
लंबित मामलों का समय-सीमा में करें निष्पादन, जन शिकायतों पर विशेष निगरानी
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक हुई। इसमें विभिन्न योजनाओं व विभागीय कार्यों की प्रगति के साथ जन शिकायतों, न्यायालय संबंधी मामलों और विभिन्न ऑनलाइन पोर्टलों से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की समीक्षा की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त स्वप्निल ने सीडब्ल्यूजेसी/एमजेसी, मानवाधिकार, लोकायुक्त, आरटीपीएस, लोक शिकायत निवारण, सीपीग्राम, ई-कंप्लायंस डैशबोर्ड और राजस्व जन शिकायत समेत विभिन्न मामलों की विभागवार समीक्षा की।
समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने न्यायालयों, आयोगों, लोक शिकायत निवारण कार्यालय और अन्य माध्यमों से प्राप्त मामलों में आवश्यक कार्रवाई कर समय पर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा।
पीएचईडी का मामला 45 दिनों से लंबित
समीक्षा में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग से संबंधित एक मामला जिला लोक शिकायत निवारण कार्यालय में 45 दिनों से अधिक समय से लंबित पाया गया। इस पर उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई कर ससमय प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
सहयोग शिविर की तैयारियों की भी समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रस्तावित सहयोग शिविर की तैयारियों और प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तैयारियां समय पर पूरी करने तथा सहयोग पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार त्वरित एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से आम लोगों से प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग कार्रवाई करें, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।
बेनीपुर में विद्युत कार्यालय के लिए भूमि होगी चिन्हित
डीएम ने बेनीपुर प्रखंड में विद्युत विभाग के कार्यालय के लिए उपयुक्त सरकारी भूमि चिन्हित करने का निर्देश अंचल अधिकारी को दिया। वहीं, प्राथमिक सहकारी समितियों के माध्यम से सब्जी उत्पादक किसानों से सब्जियों की खरीद कर बाजार में बिक्री की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सब्जी विक्रय केंद्र स्थापित करने पर भी चर्चा हुई।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सब्जी विक्रय केंद्रों के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया। इससे स्थानीय सब्जी उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ उपभोक्ताओं को भी आसानी से सब्जियां उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
डीएम ने सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए विभागीय मामलों का शीघ्र निष्पादन करने को कहा। उन्होंने जन शिकायतों, लोक शिकायत निवारण, आरटीपीएस और ऑनलाइन पोर्टलों से प्राप्त मामलों की लगातार निगरानी पर विशेष जोर दिया।
बैठक में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशिष अमन सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और संबंधित विभागों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।