बिरौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाबालिग के अपहरण मामले में 2 साल से फरार अभियुक्त नौशाद बखो के घर की कुर्की की गई
बिरौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाबालिग के अपहरण मामले में 2 साल से फरार अभियुक्त नौशाद बखो के घर की कुर्की की गई
बिरौल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाबालिग के अपहरण मामले में 2 साल से फरार अभियुक्त नौशाद बखो के घर की कुर्की की गई
दस्तक 7 मिडिया, बिरौल, दरभंगा।
कानून के शिकंजे से लगातार बच रहे भगोड़े अभियुक्तों के खिलाफ बिरौल थाना पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया है। नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में पिछले दो वर्षों से फरार चल रहे मुख्य अभियुक्त के घर पर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई के तहत कुर्की-जब्ती की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। यह पूरी कार्रवाई एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी के निर्देश के आलोक में मामले की अनुसंधानकर्ता एसआई मुन्नी कुमारी के नेतृत्व में बिरौल थाना क्षेत्र की भवानीपुर पंचायत स्थित नबटोल गांव में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नबटोल गांव निवासी मो.शाहिद बखो के पुत्र मो. नौशाद बखो पर वर्ष 2024 में अपने ही गांव के एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अगवा करने का संगीन आरोप है। इस घटना को लेकर पीड़ित परिवार के परिजनों ने बिरौल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होने के बाद से ही आरोपी मो. नौशाद गिरफ्तारी के डर से लगातार फरार चल रहा था। आरोपी को पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करने के लिए न्यायालय के आदेशानुसार पूर्व में उसके घर पर ढोल-नगाड़ों के साथ इश्तिहार भी चिपकाया गया था। इसके बावजूद आरोपी की सेहत पर कानून का कोई असर नहीं पड़ा और उसने न तो न्यायालय में सरेंडर किया और न ही पुलिस के सामने आया।अभियुक्त के लगातार फरार रहने और कानून को चुनौती देने की स्थिति को देखते हुए अनुसंधानकर्ता एसआई मुन्नी कुमारी ने न्यायालय से कुर्की वारंट प्राप्त किया। वारंट मिलते ही पुलिस टीम एक्शन मोड में आ गई और रविवार को नबटोल गांव पहुंचकर आरोपी के घर की तमाम चल संपत्तियों को जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एएसआई राजीव राय के साथ भारी संख्या में महिला व पुरुष पुलिस बल के जवान तैनात रहे। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य असामाजिक तत्वों और फरार अपराधियों में हड़कंप मच गया है।