अत्याधुनिक क्रिकेट स्टेडियम एवं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की पहल से दरभंगा के खेल प्रेमियों में उत्साह : राहुल पासवान
अत्याधुनिक क्रिकेट स्टेडियम एवं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की पहल से दरभंगा के खेल प्रेमियों में उत्साह : राहुल पासवान
अत्याधुनिक क्रिकेट स्टेडियम एवं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स की पहल से दरभंगा के खेल प्रेमियों में उत्साह : राहुल पासवान
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
दरभंगा में लहेरियासराय स्थित पुराने नेहरू स्टेडियम की जगह राष्ट्रीय स्तर का अत्याधुनिक क्रिकेट स्टेडियम एवं स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स विकसित किए जाने की पहल से जिले के खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर 200 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने की बात सामने आई है। इस पहल का स्वागत करते हुए राहुल पासवान ने कहा कि सरकार का यह ठोस और दूरदर्शी कदम दरभंगा के खेल जगत के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि दरभंगा के तमाम खेल प्रेमी इस परियोजना को लेकर अति उत्साहित हैं और दरभंगा वासी अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। अत्याधुनिक स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने के नए अवसर मिलेंगे। श्री पासवान ने कहा कि भविष्य में दरभंगा में राष्ट्रीय एवं बड़े खेल आयोजनों का आयोजन संभव होगा। इससे न केवल जिले को खेल के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी, बल्कि होटल, परिवहन, छोटे-बड़े व्यवसाय, रोजगार और स्थानीय बाजार को भी बढ़ावा मिलेगा। बड़े आयोजनों के माध्यम से दरभंगा के लोगों को आर्थिक रूप से सबल होने के नए अवसर प्राप्त होंगे।उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक स्टेडियम का निर्माण नहीं, बल्कि दरभंगा के युवाओं, खिलाड़ियों और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। राहुल पासवान ने सरकार से आग्रह किया कि परियोजना को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारते हुए स्थानीय खिलाड़ियों को भी इसमें अधिक से अधिक अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।