चिन्हित स्थलों पर कल से शुरू होगा आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण, डीएम ने आंगनबाड़ी भवन निर्माण की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश, किसान पंजीकरण और पंचायत परिसीमन कार्य की भी हुई समीक्षा
चिन्हित स्थलों पर कल से शुरू होगा आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण, डीएम ने आंगनबाड़ी भवन निर्माण की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश, किसान पंजीकरण और पंचायत परिसीमन कार्य की भी हुई समीक्षा
चिन्हित स्थलों पर कल से शुरू होगा आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण,
डीएम ने आंगनबाड़ी भवन निर्माण की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश, किसान पंजीकरण और पंचायत परिसीमन कार्य की भी हुई समीक्षा
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
जिले में आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन निर्माण में अब तेजी आएगी। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने शनिवार को समाहरणालय के बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सभागार में आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए चिन्हित स्थलों पर रविवार से निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया।
बैठक में जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए चिन्हित भूमि की उपलब्धता, भूमि की स्थिति और भवन निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने अंचलाधिकारियों, प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों और प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियों से बारी-बारी से चिन्हित स्थलों की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि भवन निर्माण से जुड़े कार्य में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। जिन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए अभी तक भूमि चिन्हित नहीं की गई है, वहां रविवार तक संबंधित पोषक क्षेत्र में उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्थल ऐसा हो, जहां आंगनबाड़ी केंद्र का संचालन सुचारु रूप से हो सके और बच्चों को भी आसानी से पहुंचने में सुविधा हो।
डीएम ने एलएईओ के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि जिन स्थलों पर भूमि पहले ही चिन्हित हो चुकी है, वहां रविवार से भवन निर्माण शुरू कराया जाए। साथ ही निर्माण कार्य की नियमित निगरानी कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत काम में तेजी लाने को कहा।
किसानों के पंजीकरण में तेजी लाने का निर्देश
बैठक में किसानों के फार्मर रजिस्ट्रेशन आईडी निर्माण की भी समीक्षा की गई। डीएम ने सभी अंचलाधिकारियों को परिमार्जन से संबंधित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लंबित आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाकर अधिक से अधिक किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।
पंचायतों के परिसीमन पर भी जोर
जिले की सभी पंचायतों के परिसीमन कार्य की भी समीक्षा हुई। जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार यादव ने बताया कि पंचायत परिसीमन के लिए टीम गठित कर जनगणना परिसीमन ऐप के माध्यम से आवश्यक जानकारी दर्ज की जाएगी। इसमें संबंधित स्थलों का अक्षांश और देशांतर भी दर्ज किया जाएगा।
डीएम ने क्षेत्रवार टीम गठित कर व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से परिसीमन कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने को कहा।
बैठक में उप विकास आयुक्त स्वप्निल, जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार यादव, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ सहित जिला स्तरीय अधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, प्रखंड बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।