पंचायत स्तर पर खुलेंगे जीविका-सुधा विक्रय केंद्र, दीदियों को मिलेगा रोजगार
पंचायत स्तर पर खुलेंगे जीविका-सुधा विक्रय केंद्र, दीदियों को मिलेगा रोजगार
पंचायत स्तर पर खुलेंगे जीविका-सुधा विक्रय केंद्र, दीदियों को मिलेगा रोजगार
दस्तक 7मीडिया /दरभंगा
सदर प्रखंड की सोनकी पंचायत में शनिवार को जिले के पहले जीविका-सुधा विक्रय केंद्र का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी कौशल कुमार ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने केंद्र का निरीक्षण कर उपलब्ध सुधा उत्पादों और उनके संचालन की जानकारी ली।
डीएम ने कहा कि सात निश्चय-3 के तहत पंचायत स्तर पर जीविका-सुधा विक्रय केंद्र खोले जा रहे हैं। इससे ग्रामीण इलाकों में सुधा के दूध और अन्य दुग्ध उत्पाद आसानी से उपलब्ध होंगे। साथ ही जीविका दीदियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने जीविका दीदियों से केंद्र का बेहतर संचालन कर अधिक से अधिक ग्रामीण उपभोक्ताओं तक सुधा उत्पाद पहुंचाने की अपील की।
266 पंचायतों में चल रही चयन प्रक्रिया
जिले की 266 पंचायतों में जीविका दीदियों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। सोनकी पंचायत में समिति की सदस्य आरती देवी, पति अनिल पंजीयार को जिले का पहला जीविका-सुधा विक्रय केंद्र प्रदान किया गया है। चयनित जीविका दीदी को सुधा का खुदरा विक्रेता बनाया जाएगा और सुधा डेयरी की ओर से नियमित रूप से उत्पाद उपलब्ध कराए जाएंगे।
सुधा डेयरी के प्रबंध निदेशक आरके झा ने कहा कि जीविका दीदियां दूध उत्पादन से लेकर संग्रहण, विपणन और बिक्री तक की प्रक्रिया में भागीदारी कर सकती हैं। इससे ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और दुग्ध व्यवसाय को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में सुधा डेयरी के प्रभारी पदाधिकारी डॉ. सुभाष चंद्र प्रसाद सिंह, विपणन प्रभारी मो. खुर्शीद आलम, जीविका की डीपीएम डॉ. ऋचा गार्गी, श्रेया शर्मा समेत जीविका व सुधा डेयरी के अधिकारी-कर्मी और बड़ी संख्या में जीविका दीदियां मौजूद थीं।
कार-बाइक की टक्कर में छह वर्षीय मासूम की मौत, माता-पिता समेत दो घायल
चिन्हित स्थलों पर कल से शुरू होगा आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण, डीएम ने आंगनबाड़ी भवन निर्माण की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश, किसान पंजीकरण और पंचायत परिसीमन कार्य की भी हुई समीक्षा