31 अगस्त को लगेगा जॉब कैंप, 50 पदों पर होगी बहाली

दस्तक 7मीडिया /दरभंगा 

युवाओं को रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने के लिए 31 अगस्त को लहेरियासराय स्थित संयुक्त श्रम भवन परिसर में जॉब कैंप का आयोजन किया जाएगा। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग, बिहार सरकार के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय, दरभंगा की ओर से आयोजित इस कैंप में डीएसईटीएस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा असेंबली और उत्पादन के 50 पदों पर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा।

कैंप का आयोजन सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक होगा। इसमें 10वीं, 12वीं, आईटीआई और स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। अभ्यर्थियों की उम्र 18 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की ओर से प्रतिमाह 19 हजार रुपये सीटीसी वेतन दिया जाएगा।

कैंप में शामिल होने के लिए नियोजनालय में निबंधन अनिवार्य है। अभ्यर्थी भारत सरकार के एनसीएस पोर्टल पर ऑनलाइन अथवा अवर प्रादेशिक नियोजनालय में पहुंचकर निबंधन करा सकते हैं।

अभ्यर्थियों को अपने साथ बायोडाटा, सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की छायाप्रति, पांच रंगीन फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड समेत अन्य जरूरी प्रमाणपत्रों की छायाप्रति लानी होगी। नियोजनालय ने इच्छुक युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में कैंप में पहुंचकर रोजगार के अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। जॉब कैंप में भाग लेना पूरी तरह नि:शुल्क है।