कार-बाइक की टक्कर में छह वर्षीय मासूम की मौत, माता-पिता समेत दो घायल
दस्तक 7 मीडिया /अफजल खान
सदर थाना क्षेत्र के जीवछ घाट के पास शुक्रवार शाम तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार छह वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उसके माता-पिता और एक वर्षीय छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद कार चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
मृतक की पहचान कमतौल थाना क्षेत्र के बड़की लाद्दा गांव निवासी जयनारायण यादव के पुत्र सुधांशु कुमार (6) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि शुक्रवार शाम जयनारायण यादव अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ बाइक से तरसराय-मुरिया स्थित अपनी बहन के घर राखी बंधवाने जा रहे थे। इसी दौरान जीवछ घाट के निकट तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिर गए। हादसे में जयनारायण के बड़े पुत्र सुधांशु की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, जयनारायण यादव, उनकी पत्नी और एक वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद स्वजन ने जयनारायण यादव और उनकी पत्नी को इलाज के लिए सकरी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, एक वर्षीय मासूम का इलाज कादिराबाद स्थित निजी अस्पताल में चल रहा है।
स्वजन जय प्रकाश यादव ने पुलिस से हादसे के जिम्मेदार कार चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है, इसलिए सरकार की ओर से उचित मुआवजा भी दिया जाना चाहिए।
इधर, शनिवार को सदर थाना पुलिस ने मृत मासूम के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार कार चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

