खेल से बच्चों का शारीरिक व मानसिक विकास :जीतेंद्र।

संवाददाता, हनुमाननगर, दरभंगा।

हनुमाननगर प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय मोरो में शुक्रवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर छात्र-छात्राओं के बीच पारंपरिक भारतीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार ने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए खेल बेहद जरूरी हैं। खेलों से बच्चों में भावनात्मक, सामाजिक और संज्ञानात्मक विकास के साथ कौशल व खेल भावना का भी विकास होता है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल के क्षेत्र में भी करियर की बेहतर संभावनाएं हैं। बच्चों को दोनों क्षेत्रों में आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। मेजर ध्यानचंद ने ओलंपिक में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया था।

खेल विभाग के नोडल शिक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में लूडो, शतरंज, पच्चीसी, गिट्टी और पिट्टू सहित विभिन्न पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया। इसमें मनतोलिया कुमारी, प्रीति कुमारी, सचिन कुमार, आयुष कुमार, प्रिंस राज और प्रिंस कुमार सहित कई बच्चों ने भाग लिया। मौके पर शिक्षक शंभूनाथ राय, डॉ. रमण कुमार राजेश, मो. आमिर खान, डॉ. अन्नू कुमारी, चंद्रप्रभा, प्रियंका कुमारी और अंशु प्रभा सहित विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे।