कांटी के कोठियां में शंभू सहनी हत्याकांड का उद्भेदन, दो नामजद गिरफ्तार, नशे और पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद, गोली मारकर की गई थी हत्या
कांटी के कोठियां में शंभू सहनी हत्याकांड का उद्भेदन, दो नामजद गिरफ्तार, नशे और पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद, गोली मारकर की गई थी हत्या
कांटी के कोठियां में शंभू सहनी हत्याकांड का उद्भेदन, दो नामजद गिरफ्तार,
नशे और पैसों के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद, गोली मारकर की गई थी हत्या
दस्तक 7मीडिया ,मुजफ्फरपुर /दीपक कुमार
कांटी थाना क्षेत्र के कोठियां स्थित एनटीपीसी के लैगून वन के प्रतिबंधित इलाके में दिनदहाड़े हुई शंभू सहनी हत्याकांड का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन करते हुए दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों में कांटी थाना क्षेत्र निवासी राजा कुमार और पप्पू चौरसिया शामिल हैं। मामले में फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है।
शनिवार को कांटी थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ पश्चिमी-1 सुचित्रा कुमारी ने हत्याकांड के उद्भेदन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देशन और ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह प्रभाकर के अनुश्रवण में उनके नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गयी थी।
टीम ने मानवीय और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। घटना के बाद मृतक की पत्नी के आवेदन पर कांटी थाने में तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। पुलिस ने घटनास्थल की एफएसएल जांच भी करायी थी।
एसडीपीओ ने बताया कि प्रारंभिक जांच, तकनीकी साक्ष्यों और गिरफ्तार आरोपितों के स्वीकारोक्ति बयान से सामने आया है कि नशा करने और पैसों के लेनदेन को लेकर मृतक और आरोपितों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद शंभू सहनी की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। मृतक की पत्नी ने भी अपने लिखित आवेदन में विवाद के पीछे नशे और पैसों के लेनदेन का उल्लेख किया था।
पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि अनुसंधान के दौरान सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस निरीक्षक सह कांटी थानाध्यक्ष रविकांत पाठक समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।